शरद पूर्णिमा की वो खीर: छत, चांदनी और आधी रात को सुई में धागा
चांदनी रात, छत की मुंडेर और बचपन का वो मीठा सा अमृत
![]() |
शरद पूर्णिमा की चांदनी, छत पर रखी खीर और आधी रात का मीठा सुकून — Anuke 🍀✨
अक्टूबर का यह वक्त भी कितना अजीब और प्यारा होता है ना? न पूरी तरह गर्मी का चिपचिपा अहसास रहता है, और न ही अभी हड्डियों को कंपकंपाने वाली कड़ाके की ठंड आई होती है। बस वो हल्की-हल्की सर्द हवा जो शाम ढलते ही खिड़की के परदों को हिलाकर गुज़रती है। वो हवा जब चेहरे को छूती है, तो मन अपनी रोज़मर्रा की फाइलों, बर्तनों और फोन की स्क्रीन से छूटकर बचपन के उस पुराने आंगन में जा पहुंचता है।
आज जब सुबह-सुबह कैलेंडर पर नज़र पड़ी, तो दिल में एक अजीब सी मीठी खलबली हुई—आज शरद पूर्णिमा है।
आजकल के इस भागते-दौड़ते, चमचमाते ज़माने में जहां हर त्योहार सिर्फ व्हाट्सएप पर "Happy This, Happy That" के फॉरवर्डेड मैसेज और इंस्टाग्राम की 15-सेकंड की रील्स तक सिमट कर रह गया है, वहां मेरे अपने घर में आज भी कुछ चीज़ें बिल्कुल वैसी ही हैं जैसी बरसों पहले हुआ करती थीं। वही पुराने तौर-तरीके, वही मीठी सी ज़िद और वही सादगी भरी रस्में जो आज भी इस थके हुए दिल को वही सुकून (sukoon) देती हैं।
सच कहूं तो, शरद पूर्णिमा का असली त्योहार कैलेंडर की तारीख से नहीं, बल्कि दोपहर बाद रसोई से उठने वाली उस भीनी-भीनी खुशबू से शुरू होता है।
शाम के चार बजते ही रसोई में एक अलग ही रौनक आ जाती है। माँ सबसे पहले भारी तले वाली वो पुरानी पीतल की कढ़ाई निकालती थीं। आज जब मैं खुद रसोई के उस चूल्हे के सामने खड़ी होती हूं, तो लगता है कि यह सिर्फ खाना पकाना नहीं, बल्कि एक साधना है। शुद्ध, गाढ़ा दूध जब धीमी आंच पर उबलना शुरू होता है, तो उसकी खामोश सी सरसराहट पूरे घर को एक मीठे अहसास से भर देती है। फिर उसमें डलते हैं पानी में भीगे हुए छोटे बासमती चावल।
खीर पकाने का भी एक गहरा जीवन दर्शन है। इसे कभी भी जल्दबाज़ी में, तेज़ आंच पर नहीं पकाया जा सकता। अगर आपने हड़बड़ी की, तो खीर नीचे लग जाएगी और उसका सारा ज़ायका बिगड़ जाएगा। "जितनी धीमी आंच पर दूध और चावल आपस में घुलेंगे, मिठास उतनी ही गहरी और अंदर तक उतरेगी।" आज समझ आता है कि हमारी ज़िंदगी के रिश्ते भी तो बिल्कुल ऐसे ही होते हैं। उन्हें भी वक्त की धीमी आंच और सब्र का मीठा घूंट चाहिए होता है ताकि अपनेपन का स्वाद कभी फीका न पड़े।
जब खीर गाढ़ी होने लगती है, तो उसमें कूटकर डाली जाती है हरी इलायची, ऊपर से थोड़ा सा केसर और बारीक कटे बादाम-काजू। वो इलायची की महक जब पूरे घर में फैलती है, तो घर का हर कोना जैसे मुस्कुराने लगता है।
फिर आता है रात का वो सबसे जादुई और रोमांचक हिस्सा—खीर को छत पर ले जाना।
रात के करीब ग्यारह या बारह बजे, जब सारी बत्तियां एक-एक करके बुझ जाती हैं, गाड़ियों का शोर थम जाता है और चारों तरफ एक बहुत ही गहरा, सन्नाटा पसर जाता है, तब खीर के उस बड़े से कटोरे को उठाया जाता है। उसके ऊपर एक बारीक, सफेद मलमल का धुला हुआ कपड़ा बांधा जाता है ताकि हवा और चांदनी तो अंदर जा सके, पर कोई तिनका तक न गिरे।
सीढ़ियां चढ़कर जब हम छत पर जाते हैं, तो ऊपर का नज़ारा देखकर सांसें थम सी जाती हैं।
शरद पूर्णिमा का चांद... कोई आम चांद नहीं होता। ऐसा लगता है जैसे किसी ने मखमली आसमान पर चांदी का एक बहुत बड़ा, बेदाग थाल सजाकर रख दिया हो। उसकी दूधिया रोशनी में पूरी छत ऐसी नहा रही होती है मानो दिन का उजाला हो, लेकिन एक ऐसी ठंडक के साथ जो आंखों में चुभती नहीं, बल्कि दिल को ठंडक पहुंचाती है। हमारे बड़े-बुजुर्ग कहते हैं कि आज की रात चंद्रमा अपनी पूरी सोलह कलाओं में होता है और उसकी ठंडी किरणों से अमृत बरसता है।
अब कोई आधुनिक पढ़ा-लिखा इंसान इसे पुरानी दकियानूसी बात कह ले या अंधविश्वास, पर उस खुले आसमान के नीचे, ठंडी चांदनी में रखी उस खीर के कटोरे को देखकर जो शांति मिलती है, वो दुनिया की किसी भी महंगी चीज़ में नहीं मिल सकती। ऐसा लगता है कि छत पर हमने सिर्फ खीर की थाली नहीं रखी, बल्कि दिनभर की सारी thakavat, मन की कड़वाहट, आने वाले कल की चिंता और वो सारा भारीपन भी उस अमृतमयी चांदनी के हवाले छोड़ दिया है।
और हां, इस रात का सबसे दिलचस्प, नटखट और अनोखा ritual जो मैं आज तक पूरी शिद्दत से निभाती हूं—आधी रात को खुले आसमान के नीचे खड़े होकर सुई में धागा पिरोना 😌
बचपन की बात याद आती है तो आज भी अपने आप हंसी छूट जाती है। जब मैं छोटी थी, तब मम्मी के साथ आधी रात को चाँद की रोशनी में सुई में धागा डालती थी,
क्योंकि आज की रात चांद की रोशनी इतनी पवित्र, तेज और साफ होती है कि अगर कोई इस रोशनी में सुई के बारीक छेद में धागा डालने की कोशिश करे, तो आंखों की नसों को ताकत मिलती है, नजर तेज़ होती है और दिमाग एकाग्र होता है।
आज जब इतने बरसों बाद, मैं खुद उस दूधिया रोशनी में खड़ी होकर हाथ में सुई पकड़ती हूं, हल्की सी हवा में हिलते उस धागे को अपनी उंगलियों से सीधा करती हूं, और एकटक सुई के उस नन्हे से छेद को देखती हूं... तो वो पल किसी तपस्या जैसा लगता है। और जैसे ही वो धागा एक ही झटके में सुई के आर-पार निकल जाता है, सच मानिए, चेहरे पर जो बेफिक्र सी बचकानी मुस्कान आती है, उसकी कोई कीमत नहीं लगाई जा सकती। लगता है कि उम्र के चाहे कितने भी साल बीत गए हों, वो बचपन आज भी कहीं खोया नहीं है, बिल्कुल ज़िंदा है।
रातभर वो खीर छत पर ओस और चांदनी के साए में रखी रहती है। और फिर आती है अगली सुबह। सुबह का इंतज़ार तो खैर घर के हर सदस्य को बड़ी बेसब्री से होता है।
सूरज की किरणें पूरी तरह फूटने से पहले, जब सुबह की ठंडी हवा में उस खीर के कटोरे को छत से नीचे लाया जाता है और मलमल का कपड़ा हटाया जाता है, तो खीर के ऊपर एक मलाईदार, चांदी जैसी चमकीली परत जमी होती है।
पूजा (puja) के बाद जब उस ठंडी, अमृत में नहाई खीर का पहला चम्मच मुंह में जाता है.. वो स्वाद शब्दों में नहीं बताया जा सकता। वो मलाई, वो धीमी आंच पर पके चावल की मिठास और उस पर रातभर की ओस का वो ठंडापन। ऐसा लगता है जैसे हलक से नीचे कोई पकवान नहीं, बल्कि सीधा sukoon उतर रहा हो। सारी दुनिया की महंगी से महंगी मिठाइयां और पेस्ट्री उस एक कटोरी प्रसाद के आगे बिल्कुल बेअसर और फीकी लगने लगती हैं।
आज की तारीख में जब मैं अपने आसपास देखती हूं, तो पाती हूं कि लोग अपनी इन प्यारी-प्यारी जड़ों को कितनी आसानी से भूलते जा रहे हैं। अब किसी के पास छत पर जाने की फुर्सत नहीं है। लोगों के फ्लैट्स में छतें बची ही नहीं हैं, और जहां हैं, वहां लोग मोबाइल का डेटा खत्म करने में लगे हैं।
"त्योहारों का मतलब बस ऑनलाइन खाना ऑर्डर करना और मॉल में घूम आना रह गया है"
पर सच कहिए, क्या इन सब बनावटी चीज़ों से वो अपनापन और खुशी कभी मिल सकती है?
परंपराएं कोई बंदिश या पुरानी ज़माने की बेड़ियां नहीं होतीं। ये तो वो खूबसूरत डोरियां हैं जो हमें इस बेरहम, भागती हुई दुनिया में अपनी मिट्टी, अपने परिवार और अपनी सादगी से बांधकर रखती हैं। ये हमें याद दिलाती हैं कि साल में कम से कम एक रात तो ऐसी होनी चाहिए जब हम सारे गैजेट्स को एक तरफ फेंक दें, अपनी छत पर जाएं, सिर उठाकर उस चमकीले पूरे चांद को देखें, गहरी सांस लें और खुद से कहें कि ज़िंदगी सचमुच कितनी anmol और खूबसूरत है।
तो बस, आज की रात भी मेरी छत पर वही खीर का कटोरा सजेगा, वही सफेद मलमल का कपड़ा बंधेगा, वही चमचमाती चांदनी होगी और सुई में धागा पिरोने की वही पुरानी, नटखट कोशिश भी होगी।
अगर आपके घर में भी छत या बालकनी है, तो आज की रात सोने के लिए बिस्तर में घुसने से पहले, सिर्फ पांच मिनट के लिए बाहर आकर खड़े होइएगा। उस ठंडी हवा को अपने चेहरे पर महसूस कीजिएगा, चांद को निहारिएगा और अपने अंदर उस निर्मल शांति को उतरने दीजिएगा।
आप सभी को शरद पूर्णिमा की बहुत-बहुत शुभकामनाएं!🙏🏻🌕
Anuke 🍀✨

Wahh full moon kheer
ReplyDeletedelicious tradition 😌
DeleteBeautifully expressed 😊👍🏻
ReplyDeleteGlad you liked it.🙏🏻
Delete